Friday, December 19

बलिया।शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से मचा कोहराम: दो युवक घायल, आरोपी गिरफ्तार

शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से मचा कोहराम: दो युवक घायल, आरोपी गिरफ्तार

 ओमप्रकाश वर्मा नगरा (बलिया)। भीमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवा रत्तीपट्टी के मौजा फरहा लौकी में रविवार रात एक शादी समारोह में हुई हर्ष फायरिंग में दो युवक घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को लाइसेंसी बंदूक समेत गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, फरहा लौकी गांव निवासी विशेश्वर की बेटी की शादी थी। बारात मऊ जनपद के पिपरौटा गांव से आई थी। रात लगभग 11 बजे खाना खाने के बाद बारात में शामिल शिवशंकर पुत्र मुसाफिर (निवासी पिपरौटा) ने अपने पास लाई लाइसेंसी एक नाली बंदूक से अचानक हर्ष फायरिंग कर दी।

गोली कन्या पक्ष के 19 वर्षीय लक्ष्मण पुत्र रूपचंद (निवासी रमापट्टी, थाना भीमपुरा) की दाईं जांघ में लग गई। वहीं, फायरिंग के दौरान पास खड़े आरोपी का ही 14 वर्षीय पुत्र शिवम भी छर्रे लगने से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लक्ष्मण की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने आरोपी शिवशंकर को बंदूक समेत गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय भेज दिया गया है।

गांव में इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। प्रशासन ने हर्ष फायरिंग जैसे मामलों को लेकर सख्ती बरतने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *