
बदायूं सांसद आदित्य यादव ने लोकसभा में आउटर रिंग रोड बनवाने का रखा प्रस्ताव जाम और हादसों से मिलेगी निजात।
बदायूं / जनपद में लगातार होने वाले हादसों और प्रतिदिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने को जनपद के सांसद आदित्य यादव ने आज लोकसभा में आउटर रिंग रोड बनवाने का प्रस्ताव रखा जिसे पड़ोसी जनपदों से जोड़ने की बात करते हुए कहा कि इसके निर्माण से आय दिन होने वाले सड़क हादसों के साथ विकराल जाम से भी जनपद बदायूं को निजात मिलेगी ।
सपा सांसद आदित्य यादव ने बुधवार को लोकसभा में जिले में आउटर रिंग रोड बनाने का प्रस्ताव रखा है। इससे जहां एक ओर हादसों की संख्या में गिरावट आएगी। वहीं शहर से लेकर आसपास इलाके में लगने वाले जाम से लोगों को निजात भी मिल सकेगा। सांसद ने लोकसभा में कहा बदायूं में 500 से अधिक पंजीकृत औद्योगिक इकाइयां स्थापित हैं। घनी आबादी होने के कारण शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान जाने पर काफी समय लगता है और लोगों का वक्त व ईंधन दोनों ही बर्बाद होते हैं। आम जनता जाम से परेशान होती है। वहीं हादसों की संख्या भी दिनों दिन बढ़ रही है। रोड एक्सीडेंट में बेकसूरों की जान जा रही है। ऐसे में बदायूं से बरेली, मुरादाबाद, शाहजहांपुर आगरा और फर्रुखाबाद के मुख्य मार्ग से यदि बदायूं को जोड़ दिया जाए तो जाम की स्थिति से छुटकारा मिल सकेगा। सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से भूतल और सड़क परिवहन मंत्री से अनुरोध किया कि बदायूं के मुख्य मार्ग से मुरादाबाद, शाहजहांपुर, आगरा, फर्रुखाबाद तथा बरेली को बदायूं शहर के मुख्य मार्ग से जोड़कर आउटर रिंग रोड बनाए जाने हेतु स्वीकृति प्रदान की जाए।
























