
बदायूं। युवक की गला दबाकर हत्या ,दोस्त पर हत्या का आरोप।
बदायूं। चारपाई पर गले में जर्सी कसी युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। वहीं मृतक के परिजनों ने दोस्त पर जर्सी से गला दबाने का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी पर एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया । थाना पुलिस नामजद की तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं घटना के पीछे की वजह फिलहाल परिजन या पुलिस साफ नहीं कर पा रहे हैं।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव बक्सेना के रहने वाले सहदेव (28) का शव उसके घर के बाहरी हिस्से में चारपाई पर सोमवार की सुबह मिला। वहीं गले में एक जर्सी कसी हुई थी। शव को रजाई से ढांक दिया गया था। सुबह के वक्त परिजनों को लगा कि वह सो रहा है लेकिन दिन काफी चढ़ने के बाद परिजनों ने रजाई हटाई तो वहां सहदेव की लाश मिली।वहीं आंख के पास भी चोट के निशान हैं।
वहीं परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही सुशील उर्फ स्वामी से सहदेव की दोस्ती थी। दोनों साथ में देर रात तक देखे गए थे। जो जर्सी गले में कसी मिली है वो भी सुशील की है। वहीं सहदेव के चाचा राकेश ने बताया कि रात को दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। दोनों में अच्छी दोस्ती थी लेकिन कहां क्या ऐसा हुआ कि नौबत खूनखराबे तक जा पहुंची यह उन्हें नहीं पता।
मृतक के परिजनों ने रंजिश से किया इंकार
मृतक की मां ने बताया कि सुशील से उनकी कोई रंजिश नहीं थी। वह सहदेव के साथ रहता था। सुबह के वक्त वह सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गईं तो रजाई हटाकर सहदेव को जगाने की कोशिश की लेकिन जर्सी उसके मुंह में घुसी थी और गले पर भी कसी हुई थी। वहीं थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है ।
एसएसपी डॉ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि घटना का मुकदमा लिखा गया है। परिजनों ने बताया कि सुशील ने पहले भी सहदेव को जान से मारने की धमकी दी थी। उसकी तलाश करवा रहे हैं। टीमें लगा दी गई हैं।
























