ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहरों का निर्माण संभव : ए.के. शर्मा
सीबीजी, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोफ्यूल और रिसाइक्लिंग से कचरे को बनाया जा सकता है आर्थिक अवसर
ग्रेटर नोएडा/लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केवल स्वच्छता का विषय नहीं, बल्कि शहरों के स्वास्थ्य, पर्यावरण, अर्थव्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीके से कचरे का प्रबंधन कर शहरों को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के साथ प्रदूषण पर भी प्रभावी नियंत्रण किया जा सकता है।
शुक्रवार को नोएडा स्थित एक्सपो मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश के चौथे इंटरनेशनल ट्रेड शो में नगर विकास विभाग की ओर से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर आयोजित सेमिनार में मंत्री ए.के. शर्मा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी मात्रा में ठोस अपशिष्ट निकलता है। यदि इसका वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाए तो यही कचरा एक बड़े आर्थिक अवसर में बदला जा सकता है।
मंत्री ने कहा कि सीबीजी, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोफ्यूल, रिसाइक्लिंग और री-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में कचरे का उपयोग कर नए उद्योगों के साथ रोजगार के अवसर भी पैदा किए जा सकते हैं। प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन से शहरों की क्वालिटी ऑफ लाइफ बेहतर होगी और नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। अब आवश्यकता है कि इस अभियान को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक व्यवस्था, बेहतर प्रबंधन और जनभागीदारी के माध्यम से और अधिक प्रभावी एवं स्थायी बनाया जाए।
ए.के. शर्मा ने लखनऊ के शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और प्रेरणास्थल की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि कचरे का उचित निस्तारण और प्रोसेसिंग होने से खुले में कूड़ा जलाने जैसी गतिविधियों में कमी लाई जा सकती है। इससे वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में उत्तर प्रदेश के कई शहरों ने देश में उल्लेखनीय स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन के साथ अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों के परिश्रम का परिणाम बताया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त शहरों की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नगर विकास विभाग के सचिव/निदेशक अनुज कुमार झा ने मंत्री ए.के. शर्मा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसे आयोजनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक प्रणाली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सेमिनार में नगर विकास विभाग के सचिव/निदेशक अनुज कुमार झा, विशेष अतिथि वी.के. चौरसिया सहित देश-विदेश से आए प्रतिनिधि, विशेषज्ञ और अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।
























