लखनऊ।आम निर्यात बढ़ाने को लखनऊ में बनेगा निर्यात क्लस्टर

आम निर्यात बढ़ाने को लखनऊ में बनेगा निर्यात क्लस्टर

मलिहाबादी दशहरी को ओडीओपी में शामिल करने की तैयारी, उत्पादकों को निर्यात गुणवत्ता के लिए दिया जाएगा प्रशिक्षण

लखनऊ। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंडल स्तरीय कृषि निर्यात निगरानी समिति की बैठक हुई। बैठक में लखनऊ मंडल से कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और विशेष रूप से प्रसिद्ध मलिहाबादी दशहरी आम को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने पर विस्तार से मंथन किया गया।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को लखनऊ में आम निर्यात क्लस्टर गठित कर निर्यात बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम उत्पादन में निर्यात योग्य गुणवत्ता वाले फलों का प्रतिशत बढ़ाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर किसानों और आम उत्पादकों को प्रशिक्षित किया जाए। साथ ही सफल निर्यातकों की ‘सक्सेस स्टोरी’ तैयार कर अन्य हितधारकों को भी प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

बैठक में आयातक देशों के मानकों के अनुरूप पेस्टीसाइड रेजीड्यू का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए किसानों को आईपीएम (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) का प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए गए। उन्नाव में प्रस्तावित पैक हाउस के निर्माण की कार्रवाई में भी तेजी लाने को कहा गया।

निर्यातकों ने लखनऊ एयरपोर्ट से उड़ानों में पर्याप्त कार्गो स्पेस उपलब्ध नहीं होने की समस्या मंडलायुक्त के सामने रखी। इस पर उन्होंने एयरलाइंस से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

ओडीओपी में शामिल होगा मलिहाबादी दशहरी

मंडलायुक्त ने जीआई उत्पाद मलिहाबादी दशहरी आम को ओडीओपी में शामिल किए जाने की दिशा में कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने इस संबंध में एमएसएमई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा।

बैठक का संचालन सहायक विपणन अधिकारी लखनऊ संजय कुमार ने किया। इस दौरान मंडी परिषद के उप निदेशक राम जी मिश्र, संयुक्त कृषि निदेशक अजय कृष्ण, उप निदेशक उद्यान देवश वर्मा, एपीडा के आलोक मिश्रा, पीक्यूएस लखनऊ के प्रदीप चिब, कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश कुमार दुबे, अपर निदेशक पशुपालन डॉ. अजय कुमार कनौजिया, खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त विनीत कुमार पाण्डेय तथा मत्स्य विभाग की उप निदेशक सृष्टि यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अन्य हितधारक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *