सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा: विश्वकर्मा जयंती पर वाहन पूजन और चालक सम्मान समारोह संपन्न
संजीव सिंह बलिया/रसड़ा। सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, रसड़ा में गुरुवार को विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य संजीव सिंह चौहान, परिवहन प्रभारी श्री कार्तिकेय सिंह, सभी वाहन चालकों एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में हुई। विद्यालय के सभी वाहनों की विधिवत सफाई के बाद पंडित जी द्वारा पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई।
विद्यालय की बसों एवं कारों पर माल्यार्पण किया गया और सभी वाहनों की सुरक्षा, सुख-समृद्धि तथा कुशल संचालन के लिए विशेष प्रार्थना की गई। इस अवसर पर परिवहन प्रभारी श्री कार्तिकेय सिंह ने सभी वाहन चालकों की समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का समापन उपस्थित सभी लोगों को प्रसाद वितरित करने के साथ हुआ। आयोजन से विद्यालय परिवार में कर्मयोग, अनुशासन और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश गया।
























