विवाहिता की मौत के मामले में पति-ससुर गिरफ्तार
आठ माह पहले हुई थी शादी, पुलिस ने दहेज उत्पीड़न समेत गंभीर धाराओं में की कार्रवाई
बदायूँ/उसावां। जनपद के थाना क्षेत्र के ग्राम गूरा बरैला में 20 वर्षीय विवाहिता रोशनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पकड़ा और न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मृतका रोशनी की शादी करीब आठ माह पहले गूरा बरैला निवासी जितेंद्र से हुई थी। 16 सितंबर को पीआरवी से सूचना मिली थी कि रोशनी की मौत हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। पूछताछ में पति जितेंद्र ने पुलिस को बताया था कि घटना से पहले वह और उसकी पत्नी छत पर टैबलेट चला रहे थे। वह टैबलेट लेकर नीचे आ गया था, जबकि रोशनी ऊपर ही रह गई। कुछ देर बाद आवाज देने पर जवाब नहीं मिला तो ऊपर जाकर देखा, जहां टीन शेड वाले कमरे में रोशनी दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली।
जितेंद्र के मुताबिक उसने दुपट्टा काटकर रोशनी को नीचे उतारा और उपचार के लिए उसावां के प्रकाश अस्पताल ले गया। वहां से मना किए जाने के बाद उसे आलापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना उपजिलाधिकारी दातागंज को दी गई थी और पंचायतनामा की कार्रवाई कराई गई। पुलिस ने फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया था। बाद में प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और विवाहिता की मौत से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
इसी मामले में गुरुवार को पुलिस ने जितेंद्र पुत्र रूपराम (24 वर्ष) और रूपराम पुत्र चितान (52 वर्ष) निवासी ग्राम गूरा बरैला, थाना उसावां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक धर्मवीर सिंह, कांस्टेबल राजू सिंह, कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल अंकित शामिल रहे।
























