सेवा संकल्प अभियान में मरीजों को बांटे फल।
शरद बिंद,भदोही/दुर्गागंज। अभोली ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद ने किया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने अस्पताल में भर्ती और उपचार के लिए आए मरीजों के बीच फल वितरित किए। उन्होंने मरीजों का कुशलक्षेम पूछते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस दौरान पूर्व विधायक ने कहा कि सेवा और परोपकार की भावना समाज को मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा, “जिसने हमारा जीवन संवारा, उसको मिले आशीर्वाद हमारा।” उन्होंने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के दौर में सरकार की योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीसी बिंद ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की सेवा और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी लोगों के बीच सेवा, सहयोग और संवेदना की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों के बीच फल वितरित किए गए। इस मौके पर फूलचंद, पंकज, अभय राज सिंह, पांडेय, राजकुमार पाल, संजीत शुक्ला,शोएब अहमद महेश बिंद, मुकेश बिंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
























