गुम फोन की गोपनीय जानकारी लीक कर वसूली का खेल
सीएससी संचालक व साथी पर डराकर 4 हजार रुपये लेने का आरोप, जरीफनगर थाने के कंप्यूटर ऑपरेटर समेत तीन पर मुकदमा
बदायूं। जनपद के थाना जरीफनगर में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की गोपनीय जानकारी कथित रूप से सीएससी संचालक को दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जानकारी के आधार पर सीएससी संचालक और उसके साथी लोगों को डराने-धमकाने के बाद रुपये की मांग करते थे। मामले में पुलिस ने कंप्यूटर ऑपरेटर समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रामपुर टप्पा वैश्य निवासी हरीश बाबू उर्फ हीरा सिंह ने अपना फोन गुम/चोरी होने की शिकायत ग्राम पड़रिया निवासी प्रेमपाल उर्फ बन्टी के सीएससी सेंटर से दर्ज कराई थी। आरोप है कि प्रेमपाल उर्फ बन्टी और उसके साथी रंजीत ने फोन मिलने की जानकारी देते हुए हरीश बाबू से रुपये की मांग की और 4 सितंबर को कथित रूप से डराकर-धमकाकर 4,000 रुपये ले लिए।
जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि जरीफनगर थाने में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन से संबंधित संक्षिप्त जानकारी प्रेमपाल को उपलब्ध कराता था। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद प्रेमपाल और रंजीत मोबाइल चोरी करने वाले लोगों से संपर्क कर स्वयं को जरीफनगर पुलिस से जुड़ा बताते हुए रुपये की मांग करते थे।
मामले में थाना जरीफनगर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद समेत तीन लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना जारी है। वहीं, पुलिस विभाग ने कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
























