बदायूं/इस्लामनगर।भैंस चोरी के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

भैंस चोरी के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली, आरक्षी भी घायल

बदायूं/इस्लामनगर। जनपद के थाना इस्लामनगर पुलिस ने पशु एवं भैंस चोरी के मामलों में वांछित चल रहे एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि बदमाश की फायरिंग में एक आरक्षी भी घायल हो गया। घायल बदमाश और आरक्षी को उपचार के लिए जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना इस्लामनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर बदमाश सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से भवानीपुर से बिसौली रोड की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भवानीपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया तो पुलिस के अनुसार उसने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में आरक्षी काले सिंह घायल हो गए। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोटरसाइकिल सवार बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया।

पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान शौकीन उर्फ शानू उर्फ शौकत पुत्र नसीर धोबी, निवासी मोहल्ला मुस्तफाबाद, कस्बा एवं थाना इस्लामनगर, बदायूं के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह थाना इस्लामनगर का हिस्ट्रीशीटर है और क्षेत्र में हुई पशु एवं भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहा था।

तमंचा, कारतूस और अपाचे बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, तीन खोखे, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। मुठभेड़ के संबंध में थाना इस्लामनगर में अलग से अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी के सहयोगी शाहरूख पुत्र फारूख निवासी मिलक लालूबाला, कस्बा एवं थाना बहजोई, जनपद मुरादाबाद को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ बदायूं और संभल जनपदों के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, चोरी, लूट की तैयारी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, गुंडा अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में कुल 38 मुकदमे दर्ज रहे हैं। इनमें इस्लामनगर, जुनावई, बहजोई, चन्दौसी और धनारी थाना क्षेत्रों के मामले शामिल हैं।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उपचार के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *