शिक्षक दिवस पर बलिया में भव्य सम्मान समारोह; परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने 50 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित
संजीव सिंह बलिया! शिक्षक। दिवस के अवसर पर बलिया के गंगा बहुद्देशीय सभागार में एक भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव प्रसारण देखा और सुना। राज्य स्तरीय समारोह के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान और प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी उपस्थित लोगों ने प्राप्त की।
50 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मान
इस अवसर पर बलिया जिले के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। कुल मिलाकर 1000 शिक्षकों को इस कार्यक्रम में सम्मानित किया गया।
मंत्री का संदेश
दयाशंकर सिंह ने कहा कि ऐसे सम्मान शिक्षकों के उत्साह को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।
नवाचार और गुणवत्ता पर जोर
कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचार और बेहतर शैक्षिक प्रयास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। अन्य शिक्षकों को भी शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार, नवाचार को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया गया।
उपस्थित वरिष्ठ अधिकारी
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सुनीता श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह इत्यादि अधिकारी उपस्थित रहे।
























