रिजर्व पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
डीएम अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के साथ की पूजा-अर्चना, बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के साथ मंदिर में विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पूजा-अर्चना के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर पुलिस परिवार में विशेष उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का पूजन कर सभी के सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से ओतप्रोत गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों का मन मोह लिया। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने भजनों पर नृत्य प्रस्तुत करने के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित रासलीला का भी मंचन किया। श्रद्धालु देर तक भक्ति संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साई आश्रित शाखमुरी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सहसवान शौर्य अरोड़ा, क्षेत्राधिकारी नगर/सहायक पुलिस अधीक्षक सुमेध मिलिंद जाधव, जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक इंद्रजीत सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पुलिस परिवार के बच्चों एवं परिजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे पुलिस लाइन परिसर में देर रात तक भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
























