बारिश की बूंदों के बीच गूंजा जय श्रीकृष्ण, कान्हा की नगरी में उमड़ा आस्था का सैलाब
मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा शुक्रवार को भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में पूरी तरह रंगी नजर आई। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं से शहर की गलियां, बाजार और मंदिर परिसर गुलजार रहे। शाम के समय अचानक हुई बारिश ने जहां दिनभर की गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं बारिश की बूंदों के बीच श्रद्धालुओं का उत्साह और भी बढ़ गया। चारों ओर ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष गूंजते रहे।
दिन ढलते ही मथुरा के आसमान पर काले बादल छा गए और कुछ ही देर में हल्की बारिश शुरू हो गई। मंदिरों और बाजारों की ओर बढ़ रहे श्रद्धालु कुछ समय के लिए दुकानों, मंदिरों के बरामदों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर रुक गए। हालांकि बारिश ज्यादा देर नहीं रही। बारिश थमते ही श्रद्धालुओं का हुजूम दोबारा मंदिरों की ओर बढ़ने लगा। भक्तों का कहना था कि जन्माष्टमी के दिन हुई बारिश ने मौसम को सुहाना बनाने के साथ ही कान्हा के जन्मोत्सव की खुशी को और बढ़ा दिया।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जन्माष्टमी को लेकर शुक्रवार को सुबह से ही मथुरा में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। शाम तक शहर की प्रमुख सड़कें और बाजार श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए। श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भगवान के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालु घंटों इंतजार के बावजूद उत्साह के साथ अपनी बारी का इंतजार

