आबकारी विभाग की महिला सिपाही सुनीता सिंह का नेशनल सिविल सर्विसेज स्पोर्ट्स के लिए चयन
बदलापुर/ जौनपुर।मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज स्पोर्ट्स ट्रायल-2026-27 की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जौनपुर जिले के आबकारी विभाग में तैनात महिला सिपाही सुनीता सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल सिविल सर्विसेज स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
प्रदेश स्तरीय सिविल सर्विसेज स्पोर्ट्स ट्रायल का आयोजन मेरठ मंडल के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 18 मंडलों से विभिन्न विभागों के करीब 150 चयनित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इनमें ओपन पुरुष वर्ग से 17, महिला ओपन वर्ग से 14 तथा 40 से 60 वर्ष आयु वर्ग में 14 पुरुष और चार महिला खिलाड़ियों का चयन नेशनल सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए किया गया।
जौनपुर की ओर से महिला वर्ग में आबकारी विभाग की सिपाही सुनीता सिंह का चयन होने से जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों में खुशी की लहर है। प्रतियोगिता का आयोजन ज्योति प्रकाश ओझा, समीक्षा अधिकारी, सचिवालय उत्तर प्रदेश शासन एवं कोच गौरव त्यागी की देखरेख में हुआ।
सुनीता सिंह के मेरठ से लौटने पर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह और जिला आबकारी अधिकारी विष्णु प्रताप सिंह ने उन्हें बधाई दी तथा नेशनल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर विजयश्री हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जौनपुर के पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने भी सुनीता सिंह का उत्साहवर्धन करते हुए नेशनल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं और अपना झंडा बुलंद रखने का आशीर्वाद दिया। उनके चयन से जिले के कर्मचारियों एवं अधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
























