बदायूँ।कछला घाट और कांवड़ मार्ग का एएसपी सिटी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

कछला घाट और कांवड़ मार्ग का एएसपी सिटी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

बदायूं। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्थाओं को परखा गया। एएसपी सिटी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और घाट व कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत एवं सतर्क रखी जाए।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। संभावित भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन, पार्किंग, बैरियर, भीड़ नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित यातायात व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

बताया गया कि बाईपास की ओर नवनिर्मित हाईवे पर कछला की ओर से दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

एएसपी सिटी ने प्रभारी निरीक्षक उझानी एवं यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया कि किसी भी वाहन को पुल अथवा घाट की ओर अनधिकृत रूप से न जाने दिया जाए। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, चौकी प्रभारी कछला सहित पुलिस एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *