आजमगढ़।स्वतंत्रता दिवस पर मंडलायुक्त की नई पहल, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता दिवस पर मंडलायुक्त की नई पहल, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने किया ध्वजारोहण

उपेन्द्र कुमार पांडेय | आजमगढ़

 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त विवेक ने सामाजिक समरसता और समानता की मिसाल पेश करते हुए एक नई पहल की। शनिवार को आयुक्त कार्यालय भवन पर उन्होंने अपने कार्यालय के तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों—भूपेन्द्र सिंह, फहीम अहमद और सुभाष राम—के हाथों ध्वजारोहण कराया। इसके बाद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया।

ध्वजारोहण के बाद आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारा वर्तमान दो बातों पर निर्भर करता है—अतीत के प्रति सम्मान और भविष्य के प्रति परिकल्पना। यही दोनों बातें हमारे वर्तमान को निर्धारित करती हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के लिए हमारे पूर्वजों ने जो कुर्बानियां दीं, उन्हें याद करते हुए स्वतंत्र भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के सपने को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्पित होना होगा। व्यक्ति और समाज के संबंध को ईंट और इमारत से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मजबूत ईंट से मजबूत इमारत का निर्माण होता है, उसी प्रकार मजबूत नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।

मंडलायुक्त ने कहा कि राष्ट्र के विकास और उत्थान के लिए प्रत्येक व्यक्ति को मजबूत ईंट की तरह अपने दायित्वों का पूरी मजबूती से निर्वहन करना होगा। तभी स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर बलिदानियों के सपनों को साकार करते हुए मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव होगा। उन्होंने राजनीतिक, आर्थिक, नैतिक और सामाजिक स्वतंत्रता के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

अपर आयुक्त-प्रशासन प्रमोद कुमार पाण्डेय ने स्वतंत्रता संग्राम के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए आह्वान किया कि प्रत्येक स्वतंत्रता दिवस पर हम अपने भीतर की कम से कम एक बुराई को समाप्त करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यदि इस संकल्प को पूरी ईमानदारी से अपनाया जाए तो आने वाले कुछ वर्षों में समाज की अनेक बुराइयों को समाप्त किया जा सकता है।

समारोह में मंडलायुक्त के पिता डॉ. अनिल कुमार सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. नीरज श्रीवास्तव के पिता एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. नाथशरण लाल, अपर निदेशक अभियोजन बीपी पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी रामअवध, शासकीय अधिवक्ता ओपी पाण्डेय सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।

इस अवसर पर स्थानीय जीजीआईसी की छात्राओं एवं स्टाफ ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। विद्यालय की शिक्षिका निशा राय द्वारा खेती-किसानी पर आधारित गीत “निचवां से धरती जरे, उपरां से घाम रे। झांवर होला सगरो किसानन क चाम रे।।“ की प्रस्तुति विशेष रूप से सराहनीय रही। कार्यक्रम का संचालन अभय तिवारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *