पुलिस लाइन में शान से लहराया तिरंगा, सराहनीय सेवाओं वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
बदायूँ। देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस जनपद बदायूँ में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन परिसर में ध्वजारोहण किया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को संकल्प पत्र पढ़कर भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने, आपसी भाईचारा एवं बंधुता बनाए रखने तथा मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, पुलिस पेंशनरों तथा शहीद सैनिकों के आश्रितों को पुष्पहार एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदक, सम्मान चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक सिविल पुलिस दयाराम को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक, निरीक्षक नागरिक पुलिस सहंसरवीर सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार एवं मुख्य आरक्षी चालक राजेश बाबू को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया। इसके अलावा उपनिरीक्षक कप्तान सिंह एवं मुख्य आरक्षी मिर्जा राहत जुबैर बेग को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशंसा चिन्ह (रजत पदक) तथा उपनिरीक्षक हरिभान सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक से अलंकृत किया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूँ में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र बत्रा ने ध्वजारोहण किया। विद्यालय के स्टाफ एवं बच्चों ने देशभक्ति गीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए पुरस्कार वितरित किए तथा उन्हें सदैव देश सेवा के लिए तत्पर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों एवं विद्यालय परिवार द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना की।
इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के सभी सदस्यों सहित जनपद एवं देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह के समापन पर पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन/नगर राहुल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
























