बदायूं ने एलार्म एफीसिएन्सी रेस और महिला रायफल शूटिंग में जीती चल वैजन्ती

बदायूं ने एलार्म एफीसिएन्सी रेस और महिला रायफल शूटिंग में जीती चल वैजन्ती

रामपुर ने रिवाल्वर/पिस्टल व एमपी-5 कार्बाइन शूटिंग में मारी बाजी, सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज बने अंकुर मान और संतोष पुनिया

बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन्स, बदायूं के परेड ग्राउंड में आयोजित 51वीं अंतर्जनपदीय शूटिंग स्पोर्ट्स (रायफल/रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग) एवं एलार्म एफीसिएन्सी रेस प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को समापन हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने प्रतियोगिता का समापन किया। इस दौरान बरेली जोन के विभिन्न जनपदों से आए टीम मैनेजर मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी अमरीक सिंह, उपनिरीक्षक भगवान सिंह पटवाल, मुख्य आरक्षी प्रो. देवेन्द्र सिंह और मुख्य आरक्षी प्रो. हरवीर सिंह शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने निष्पक्ष एवं निर्विवाद रूप से निर्णय करते हुए प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं इन्द्रजीत सिंह ने किया।

प्रतियोगिता के परिणामों में एलार्म एफीसिएन्सी रेस में बदायूं ने 126 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बरेली 98 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। पुरानी स्पर्धा रायफल शूटिंग में भी बदायूं ने 499 अंक हासिल कर चल वैजन्ती अपने नाम की, जबकि संभल 453 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

नई स्पर्धा रायफल शूटिंग के पुरुष वर्ग में मुरादाबाद 410 अंकों के साथ प्रथम और बदायूं 407 अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। महिला वर्ग में बदायूं ने 327 अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मुरादाबाद 303 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

रिवाल्वर/पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता में रामपुर ने 171 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया और शाहजहांपुर 110 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं एमपी-5/कार्बाइन शूटिंग प्रतियोगिता में भी रामपुर ने 169 अंक प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि संभल 104 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज पुरुष वर्ग का पुरस्कार जनपद रामपुर के आरक्षी अंकुर मान को तथा सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज महिला वर्ग का पुरस्कार जनपद मुरादाबाद की महिला मुख्य आरक्षी संतोष पुनिया को मिला।

प्रतियोगिता के समापन पर पुलिस अधिकारियों ने विजेता टीमों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *