बदायूँ।सोत नदी के कायाकल्प की कार्ययोजना 3 दिन में शासन को भेजें : सीडीओ

सोत नदी के कायाकल्प की कार्ययोजना 3 दिन में शासन को भेजें : सीडीओ

गंगा, पर्यावरण एवं वृक्षारोपण समिति की बैठक में सीडीओ गामिनी सिंगला ने दिए सख्त निर्देश, अतिक्रमण रोकने और जल प्रवाह सुधारने पर जोर

बदायूं। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सोत नदी के पुनरुद्धार एवं कायाकल्प को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सीडीओ ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर तीन दिन के भीतर उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने राजस्व विभाग को सोत नदी के बहाव क्षेत्र का सीमांकन कराने को कहा। उन्होंने नदी के पारिस्थितिक तंत्र और जैव विविधता के संरक्षण के साथ ही अतिक्रमण की रोकथाम के लिए सघन वृक्षारोपण कराने पर जोर दिया। इसके अलावा जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के लिए फसल चक्र में बदलाव, मनरेगा के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, ग्रे वाटर व सीवेज प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, नदी प्रदूषण की निगरानी, डी-सिल्टेशन तथा जल प्रवाह प्रबंधन को कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने भूजल पर निर्भरता कम करने के लिए चेक डैम निर्माण, ड्रिप सिंचाई और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने से संबंधित प्रस्ताव भी कार्ययोजना में शामिल करने को कहा। उन्होंने बताया कि अधिकांश विभागों द्वारा अपनी कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।

वहीं नगर पालिका परिषद बदायूं, बिसौली तथा नगर पंचायत उसहैत एवं मुड़िया की कार्ययोजना प्राप्त न होने पर सीडीओ ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को दो दिन के भीतर कार्ययोजना उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विभागों से प्राप्त प्रस्तावों का समेकन कर अभिसरण एवं कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से सोत नदी के पुनरुद्धार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजने को कहा।

वृक्षारोपण की जियो टैगिंग तत्काल पूरी करने के निर्देश

जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने वर्ष 2026 में कराए गए वृक्षारोपण की जियो टैगिंग तत्काल पूर्ण कराने और इसकी सूचना प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिला पर्यावरण समिति की समीक्षा में उन्होंने संबंधित विभागों को पर्यावरण से जुड़े विभिन्न प्रकार के वेस्ट की सूचना निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग विनीता सिंह, डीसी मनरेगा मीनाक्षी सक्सेना, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) अमित कुमार, एलबीसी राकेश मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *