अस्पताल में चोरी का खेल, तीन शातिर चोर गिरफ्तार मरीज के रुपये-मोबाइल उड़ाने के बाद पुलिस ने दबोचा, 5500 रुपये बरामद
बदायूं। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अस्पताल से रुपये व मोबाइल चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 5500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित रस्तोगी पुत्र जयदेव रस्तोगी, निवासी बंदूकचियान, थाना धामपुर, जनपद बिजनौर, हाल निवासी नेकपुर थाना सिविल लाइंस बदायूं; अश्वनी वर्मा पुत्र स्वर्गीय लटूरी लाल, निवासी जवाहरपुरी थाना सिविल लाइंस बदायूं तथा गौरव सक्सेना पुत्र प्रेमशंकर सक्सेना, निवासी नेकपुर गली नंबर चार थाना सिविल लाइंस बदायूं के रूप में हुई है।
बताया गया कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित मुकेश जौहरी हॉस्पिटल से सराय पिपरिया निवासी धर्मपाल के रुपये और मोबाइल चोरी हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5500 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक सरिता चौधरी मय पुलिस टीम शामिल रही।
























