सावन शिवरात्रि पर संकट मोचन मंदिर परिसर में हुआ विशाल कुश्ती दंगल।
अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवान खुशी पाल कानपुर ने मारी बाजी।
शरद बिंद
अभोली/भदोही। अभोली ब्लॉक के दुर्गागंज स्थित संकट मोचन मंदिर तालाब परिसर में सावन शिवरात्रि के अवसर पर विशाल कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम प्रधान संदीप कुमार बिंद की अध्यक्षता में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भदोही विधायक जाहिद बेग ने पहलवानों का हाथ मिलाकर कराया। दंगल में राजस्थान, कानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज और मिर्जापुर सहित विभिन्न जिलों से करीब 200 पहलवानों ने पहुंचकर दमखम आजमाया।
प्रतियोगिता में पुरुष पहलवानों के साथ महिला पहलवानों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। अमन और प्रवीण के बीच हुई रोमांचक कुश्ती में मिर्जापुर के अमन को विजेता घोषित किया गया। राहुल और मोनू के मुकाबले में राहुल विजयी रहे। वहीं मिर्जापुर के सुनील कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। महिला वर्ग में खुशी पाल और रूबी ने कुश्ती में हिस्सा लेकर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
दंगल के दौरान पहलवानों के शानदार दांव-पेंच देखकर दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धन से उनका हौसला बढ़ाया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से दर्शक पहुंचे, जिससे मंदिर परिसर में मेले जैसा माहौल रहा।
इस अवसर पर विंध्यवासिनी पांडेय, राधेश्याम मौर्य, अकबर अली, सुरेश चंद्र, गुड्डू बिंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका बफाती अंसारी, गोपाल सिंह और कमाल बाबू ने निभाई।
























