बदायूँ।सीडीओ की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक, सोत नदी के पुनरुद्धार की बनेगी विस्तृत कार्ययोजना

सीडीओ की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति की बैठक, सोत नदी के पुनरुद्धार की बनेगी विस्तृत कार्ययोजना

बदायूँ। मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित कार्यालय में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोत नदी के पुनरुद्धार एवं कायाकल्प के लिए विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने राजस्व विभाग को नदी के बहाव क्षेत्र का सीमांकन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि नदी के पारिस्थितिक तंत्र एवं जैव विविधता संरक्षण, अतिक्रमण रोकने के लिए व्यापक वृक्षारोपण, जल उपयोग दक्षता बढ़ाने हेतु फसल चक्र में परिवर्तन, मनरेगा के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, ग्रे वाटर और सीवेज प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा नदी प्रदूषण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने डी-सिल्टेशन (गाद निकासी), जल प्रवाह प्रबंधन, भूजल पर निर्भरता कम करने के लिए चेक डैम निर्माण, ड्रिप सिंचाई को बढ़ावा देने तथा मत्स्य उत्पादन से जुड़े प्रस्ताव भी कार्ययोजना में शामिल करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने प्रस्तावों का समेकन कर अभिसरण एवं कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से सोत नदी के पुनरुद्धार की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजें।

बैठक में प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी विनीता सिंह, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास, अधिशासी जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत, जल निगम (ग्रामीण) के अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *