भदोही।न्यायालय परिसर में डॉग स्क्वायड के साथ चला सघन चेकिंग अभियान।

न्यायालय परिसर में डॉग स्क्वायड के साथ चला सघन चेकिंग अभियान।

शरद बिंद

भदोही। पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन में जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को ज्ञानपुर न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा ने किया। इस दौरान डॉग स्क्वायड टीम के साथ न्यायालय परिसर के प्रत्येक हिस्से का बारीकी से निरीक्षण किया गया।

चेकिंग अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस वस्तुओं की गहन जांच की गई। डॉग स्क्वायड टीम ने न्यायालय परिसर, पार्किंग स्थल, प्रवेश द्वार तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

क्षेत्राधिकारी चमन सिंह चावड़ा ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *