काशी विश्वनाथ दर्शन कर उन्नाव लौट रहे श्रद्धालुओं की कार खड़े ट्रक में घुसी, दो की मौत
जौनपुर। वाराणसी में बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर उन्नाव लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सोमवार सुबह बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
उन्नाव के आवास विकास कॉलोनी निवासी अखिलेश शुक्ला (40) पुत्र उमेश चंद्र शुक्ला अचलगंज क्षेत्र के बदरका प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थे। बताया गया कि शनिवार को वह कॉलोनी में रहने वाले चार दोस्तों के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए वाराणसी गए थे। उनके साथ अंकित शुक्ला, उन्नाव जिला न्यायालय के अंग्रेजी विभाग में ट्रांसलेटर, संदीप मिश्रा और शोभित श्रीवास्तव, जो सरकारी शिक्षक हैं, तथा शोभित शुक्ला, जो निजी कंपनी में कार्यरत हैं, शामिल थे।
दर्शन के बाद रविवार रात पांचों दोस्त वैगनआर कार (UP 32 PU 5119) से उन्नाव लौट रहे थे। सोमवार सुबह बक्शा थाना क्षेत्र के कुल्हनामऊ गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक (UP 44 AT 3818) के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई।
हादसे की सूचना मिलने पर बक्शा थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में सहायक अध्यापक अखिलेश शुक्ला समेत दो लोगों की मौत हो गई।
अखिलेश शुक्ला के परिवार में पत्नी और 10 व सात वर्ष की दो बेटियां हैं। करीब 12 वर्ष पूर्व उनके बड़े भाई मुकेश शुक्ला का निधन हो चुका था। परिवार में एक बहन रुचि शुक्ला हैं, जिनका विवाह हो चुका है। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
























