पुलिस परिवारों के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में लगा निःशुल्क मेडिकल कैंप, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण
बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्षा अंकिता शर्मा के निर्देशन में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन बदायूँ में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना रहा।
मेडिकल कैंप में जिला पुरुष चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पुलिस परिवारों के बच्चों, महिलाओं एवं अन्य सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जिला चिकित्सालय के डॉ. अजीत सिंह गंगवार एवं वार्ड बॉय केशव राम ने विभिन्न बीमारियों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन इन्द्रजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे और स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि बदायूँ पुलिस अपने पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि पुलिस परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
























