बदायूँ।श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर एसएसपी अंकिता शर्मा का वीडियो संदेश जारी, श्रद्धालुओं से नियमों के पालन की अपील

श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर एसएसपी अंकिता शर्मा का वीडियो संदेश जारी, श्रद्धालुओं से नियमों के पालन की अपील

यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित मार्गों से चलें, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल यूपी-112 या पुलिस को दें

बदायूँ। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा ने वीडियो संदेश जारी कर कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

एसएसपी ने अपने संदेश में कहा कि सभी श्रद्धालु यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें तथा केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा करने से बचने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। यदि यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे या किसी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न हो, तो उसकी सूचना तुरंत निकटतम पुलिसकर्मी या यूपी-112 पर दें।

एसएसपी अंकिता शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोगात्मक और अनुशासित व्यवहार अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने में सहयोग करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बदायूँ पुलिस जनपदवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *