ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकलने से पलटी ट्रॉली, 12वीं के छात्र की मौत, बुजुर्ग घायल
गेहूं बेचकर गांव लौट रहे थे ग्रामीण, शंकरपुर के पास हुआ हादसा, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
उसावां (बदायूं)। जनपद के उसावां थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकल जाने से ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली में सवार 12वीं कक्षा के छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टरगंज गांव के ग्रामीण उसावां कस्बे में गेहूं बेचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली ग्राम शंकरपुर के समीप पहुंची, अचानक ट्रॉली का एक पहिया निकल गया। इससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई और उसमें सवार दो लोग उसके नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दोनों को बाहर निकाला।
हादसे में नेम सिंह (17) पुत्र वीरपाल, निवासी कलेक्टरगंज की मौके पर ही मौत हो गई। नेम सिंह 12वीं कक्षा का छात्र था और अपने पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। वहीं रूपराम (50) पुत्र खेमकरन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उसावां भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही उसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
























