भदोही।जमीनी विवाद में घायल वृद्ध की मौत, कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन

जमीनी विवाद में घायल वृद्ध की मौत, कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों का प्रदर्शन

शरद बिंद | भदोही

दुर्गागंज (भदोही)। थाना क्षेत्र के जदूपुर गांव में जमीनी विवाद के दौरान घायल हुए एक वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो जाने से गांव में तनाव का माहौल बन गया। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

जानकारी के अनुसार, जदूपुर गांव निवासी संजू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पिता शिवपूजन उर्फ लल्लन गौड़ (65) गुरुवार पूर्वाह्न अपने खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और जमीन को लेकर विवाद करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से लाठी-डंडों और मुक्कों से उनकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में ही शिवपूजन की मौत हो गई।

वृद्ध की मौत की सूचना मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पर जुट गए और परिजनों के साथ मिलकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस को दी गई उनकी मूल तहरीर में बाद में बदलाव कर दिया गया, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने परिजनों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा विवादित जमीन के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार करने के लिए सहमत हो गए। पुलिस बल अंतिम संस्कार के लिए शव रवाना होने तक मौके पर मौजूद रहा।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। इसलिए मृतक का बिसरा सुरक्षित रखकर विधि विज्ञान प्रयोगशाला, रामनगर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *