श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, अटैना घाट का किया निरीक्षण
सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बदायूँ। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शुक्रवार को थाना उसहैत क्षेत्र के अटैना घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने घाट पर श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरी की जाएं, ताकि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, यातायात को सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी दातागंज आशेषनाथ सिंह, थाना प्रभारी उसहैत देवेन्द्र कुमार सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
























