बदायूँ।12 घंटे में लूट का खुलासा, कैन्टर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

12 घंटे में लूट का खुलासा, कैन्टर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

बदायूँ। थाना मूसाझाग क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैन्टर चालक से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए लूटा गया कैन्टर बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई की सुबह ग्राम मैरी मजर के निकट गंगा एक्सप्रेस-वे पर बिहार से आ रहे कैन्टर संख्या UP37BT3121 को बोलेरो सवार 3-4 बदमाशों ने रुकवा लिया। बदमाशों ने चालक जराफत और उसके हेल्पर के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए तथा कैन्टर लूटकर फरार हो गए। दोनों को जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। चालक की तहरीर पर थाना मूसाझाग में बीएनएस की धारा 309(6) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने रामपुर के थाना गंज पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए लूटा गया कैन्टर बरामद कर हसीन पुत्र अनीस कुरैशी निवासी तालकपुर, थाना भोट (रामपुर) तथा हारून पुत्र इस्तयाक निवासी अहेरीपुर, थाना वकेवर (इटावा) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात में अन्नू, भूरे, मुकुल, गुड्डू (निवासी अहेरीपुर, इटावा) तथा आरिस निवासी तालकपुर, रामपुर के भी शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी हसीन के विरुद्ध पूर्व से गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना मूसाझाग के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *