श्रावण माह को लेकर पुलिस अलर्ट, शहर के प्रमुख बाजारों में एएसपी व सीओ ने किया पैदल मार्च
बदायूं। आगामी श्रावण माह के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को शहर में पुलिस ने व्यापक पैदल गश्त और सुरक्षा निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय ने संयुक्त रूप से पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों में मौजूद लोगों से संवाद करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया तथा पुलिस कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पैदल मार्च के दौरान प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस हरेन्द्र सिंह सहित थाना पुलिस के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रावण माह में मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावण माह के दौरान शहर में लगातार पैदल गश्त, चेकिंग अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी जारी रहेगी, ताकि नागरिक सुरक्षित वातावरण में धार्मिक गतिविधियों में भाग ले सकें।
























