जंतर-मंतर प्रदर्शन के समर्थन में सपा नेता विवेक मोहन पाल हाउस अरेस्ट, सरकार पर लगाए तानाशाही के आरोप
उसावां (बदायूं)। जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र समर्थन प्रदर्शन के मद्देनर्जर बदायूं जनपद के थाना उसावां क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विवेक मोहन पाल को पुलिस ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में जारी धरना-प्रदर्शन और हाई अलर्ट के बीच विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और भीम आर्मी के कई कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिए जाने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके समर्थन में विभिन्न जिलों से कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।
हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद सपा नेता विवेक मोहन पाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें उसावां पुलिस ने घर में ही नजरबंद कर दिया है।
विवेक मोहन पाल ने कहा, “पुलिस हमें कितना भी रोके, हम समाजवादी पार्टी के सच्चे सिपाही हैं। हम कभी रुकने वाले नहीं हैं। देश के युवाओं और छात्रों की आवाज़ उठाने के लिए हमारा संघर्ष लगातार जारी रहेगा।”
हालांकि, इस संबंध में पुलिस प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
























