पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा, एक सप्ताह में 857 लंबित ऋण पत्रावलियों के निस्तारण के निर्देश
सीडीओ गामिनी सिंगला ने बैंक अधिकारियों को दी समयबद्ध कार्रवाई की हिदायत, वेंडरों की समस्याएं तीन दिन में सुलझाने के निर्देश
बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों में लंबित ऋण पत्रावलियों की समीक्षा की गई तथा उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
परियोजना अधिकारी नेडा ने बताया कि जनपद में कुल 857 ऋण पत्रावलियां विभिन्न बैंकों में लंबित हैं। इनमें पंजाब नेशनल बैंक में 312, भारतीय स्टेट बैंक में 219, बैंक ऑफ बड़ौदा में 197, प्रथमा बैंक में 51, यूनियन बैंक में 17, इंडियन बैंक व सेंट्रल बैंक में 14-14, केनरा बैंक में 10, बैंक ऑफ इंडिया में 9, यूको बैंक में 6, बैंक ऑफ महाराष्ट्र व एचडीएफसी बैंक में 3-3 तथा पंजाब एंड सिंध बैंक और सोलफिन में 1-1 पत्रावली लंबित है।
मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत लंबित सभी ऋण पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि पंजीकृत वेंडरों की सभी समस्याओं का तीन दिन के भीतर प्रभावी समाधान कराया जाए, जिससे योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में परियोजना अधिकारी नेडा, विद्युत विभाग के अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, शाखा प्रबंधक एवं जनपद के पंजीकृत वेंडर्स उपस्थित रहे।
























