24 जुलाई को सीआरसी मोहन रोड में लगेगा निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मूल्यांकन शिविर
लखनऊ। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO), कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में 24 जुलाई 2026 को समेकित क्षेत्रीय केंद्र (CRC), मोहन रोड, लखनऊ में निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरण हेतु एक दिवसीय चिन्हांकन एवं मूल्यांकन (Assessment) शिविर आयोजित किया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह ने बताया कि यह शिविर भारत सरकार की एडिप (ADIP) योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। शिविर में पात्र दिव्यांगजनों का विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण और मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्राप्त करने के लिए आवेदक का अस्थिबाधित (Locomotor Disability) दिव्यांग होना तथा यूडीआईडी (UDID) कार्ड के अनुसार 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता होना अनिवार्य है। साथ ही आवेदक की मासिक आय 22,500 रुपये से कम होनी चाहिए।
आवश्यक दस्तावेज
आधार कार्ड (पहचान प्रमाण)
यूडीआईडी कार्ड/दिव्यांग प्रमाण पत्र (80% या अधिक दिव्यांगता)
आय प्रमाण पत्र (राजस्व विभाग अथवा बीपीएल कार्ड, मनरेगा कार्ड, दिव्यांग पेंशन कार्ड, सांसद/विधायक, ग्राम प्रधान या पार्षद द्वारा जारी प्रमाण पत्र)
दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने जनपद के पात्र दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में उपस्थित होकर निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल योजना का लाभ उठाएं।
























