31 जुलाई तक करें आवेदन: मत्स्य विभाग की छह योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
लखनऊ, । मत्स्य विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सेक्टर की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण, लखनऊ ने बताया कि विभागीय पोर्टल पर 16 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक आवेदन किए जा सकते हैं।
इन योजनाओं में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, सघन मत्स्य पालन हेतु एयरेशन सिस्टम स्थापना, उ.प्र. मत्स्य पालक कल्याण कोष के अंतर्गत मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना एवं माता सुकेता महिला मत्स्य पालक सशक्तिकरण योजना (केज स्थापना), अंतर्देशीय खारे जल क्षेत्रों में नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा। योजनाओं का विस्तृत विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवश्यक अभिलेख एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय पोर्टल fisheries.up.gov.in पर उपलब्ध है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में किसी योजना के प्रावधानों में संशोधन किया जाता है तो संशोधित नियम लागू होंगे। पूर्व वर्षों में जिन आवेदनों को निरस्त किया गया था या जो लंबित रहे, ऐसे आवेदक भी पुनः आवेदन कर सकते हैं।
योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आवेदक मत्स्य पालक विकास अभिकरण, कमरा संख्या एफ-26, प्रथम तल, विकास भवन, सर्वोदय नगर, इंदिरा नगर, लखनऊ अथवा मत्स्य निदेशालय हेल्पलाइन 0522-2740270 पर किसी भी कार्य दिवस में संपर्क कर सकते हैं।
























