भदोही।आधी रात में हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन पर साधा निशाना

आधी रात में हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने प्रशासन पर साधा निशाना

मृत्युंजय सिंह टोनी बोले— लोकतांत्रिक अधिकारों का हो रहा हनन, प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

शरद बिंद/भदोही

दुर्गागंज (भदोही)। अभोली क्षेत्र के गड़ौरा निवासी एवं युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह टोनी ने प्रशासन पर आधी रात में उन्हें हाउस अरेस्ट किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि प्रशासन लगातार रात के समय उनके आवास पर पहुंचकर दबाव बनाने और भय का माहौल तैयार करने का प्रयास कर रहा है।

मृत्युंजय सिंह टोनी ने कहा कि वह भदोही जनपद के एक जिम्मेदार नागरिक होने के साथ-साथ युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं और हमेशा लोकतांत्रिक एवं अहिंसक तरीके से जनता की समस्याओं को उठाते रहे हैं। इसके बावजूद उनके साथ इस प्रकार का व्यवहार चिंताजनक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता जनता की आवाज और सच से घबराकर विरोध के स्वर को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रशासन से दमनात्मक कार्रवाई बंद करने की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करना और शांतिपूर्ण विरोध करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।

टोनी ने कहा कि वह महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों पर चलने वाले कार्यकर्ता हैं तथा किसी भी प्रकार के दबाव, भय या उत्पीड़न से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष के इस आरोप के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *