बलिया।सीएचसी नगरा की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए अधीक्षक ने विद्युत विभाग को लिखा पत्र

सीएचसी नगरा की बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए अधीक्षक ने विद्युत विभाग को लिखा पत्र

नगरा (बलिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नगरा में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से अधीक्षक ने विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ/जेई) को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

अधीक्षक ने पत्र में बताया कि सीएचसी नगरा क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान है, जहां 24 घंटे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होती हैं। वर्तमान में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और चिकित्सीय सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

पत्र में अस्पताल परिसर में यदि कोई अवैध विद्युत कनेक्शन संचालित हो रहा हो तो उसे तत्काल हटाने की मांग की गई है। साथ ही अस्पताल को वर्तमान ग्रामीण फीडर के बजाय शहरी फीडर से जोड़ने का अनुरोध किया गया है, ताकि अस्पताल को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और नियमित बिजली उपलब्ध हो सके।

अधीक्षक ने कहा कि बार-बार बिजली बाधित होने से ऑपरेशन, टीकाकरण, पैथोलॉजी जांच तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में व्यवधान उत्पन्न होता है, जिससे मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने विद्युत विभाग से जनहित और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अस्पताल की विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की अपील की है।

अमर बहादुर सिंह, नगरा (बलिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *