पशुराम जन्मस्थली से ब्राह्मणों को साधने पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक संभल हिंसा पर दिया बड़ा बयान
मुजीब खान
शाहजहांपुर : योगी सरकार द्वारा जनपद की तहसील जलालाबाद का नाम बदलकर परशरामपुरी रखने के बाद आज उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक आगामी चुनाव के लिए ब्राह्मणों को साधने वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के साथ भगवान परशुराम जन्मस्थली पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया सबसे पहले डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने भगवान परशुराम मंदिर में मत्था टेका और पूजा अर्चना की। मंदिर परिसर में उन्होंने बटुकों का पूजन कर अंगवस्त्र दिए। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह भगवान परशुराम की जन्मस्थली को आज उसके नाम परशुरामपुरी से जाना जाएगा।
अपने संबोधन के दौरान ठेठ अवधी भाषा में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने परशुरामपुरी की जनता को साधते हुए बोले क गउतरया आए, सेवा तो बहुत भई, फिर कहा कि जलालाबाद को बताओ परशुरामपुरी से क्या लेना देना, गांव में यही काहत हई कि जल्लाबाद जात, मिर्जापुर जात..मिर्जा कब के चले गए, मिर्जा कोई पूछईया, वई जमाना चले गए सपा केरे। उन्होंने सीधे समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले नाम बदलने में डर लगता था, आज धार्मिक स्थलों के नाम उन्हीं के नाम पर रखें जा रहे हैं। बहू बेटियों सुरक्षित है। लाइट भरपूर मिल रही है, जनरेटर व इनवेटर सबने बेच दिए हैं। डिप्टी सीएम बोले अब जलालाबाद नगर पालिका को परशुरामपुरी के नाम से जाना जाएगा। यह योगी मोदी सरकार में ही संभव हुआ है।
संभल हिंसा को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून का राज कायम रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को माहौल बिगाड़ने या प्रदेश की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो भी दंगा फैलाने, हिंसा भड़काने या कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश कई बार दंगों की आग में झुलसा था। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता उस दौर को आज भी भूली नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि संभल मामले में सामने आई कुछ मीडिया रिपोर्टों और फुटेज में सपा से जुड़े लोगों की संलिप्तता के आरोप सामने आए हैं। सरकार हर पहलू की जांच कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने युवाओं और छात्रों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि किसी छात्र या युवा के साथ अन्याय होता है तो दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का जिक्र करते हुए कहा कि इन लोगों का भी इसमें काफी योगदान है। लखनऊ से मिर्जापुर जलालाबाद हैलीकॉप्टर से पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा भी साथ में उतरे।
























