बलिया।शिक्षक संकुल कोदई की मासिक बैठक संपन्न, कैच-अप कक्षाओं और ‘DEAR’ पठन अभियान पर जोर

शिक्षक संकुल कोदई की मासिक बैठक संपन्न, कैच-अप कक्षाओं और ‘DEAR’ पठन अभियान पर जोर

बलिया (संजीव सिंह)। शिक्षा क्षेत्र नगरा के शिक्षक संकुल कोदई की मासिक शिक्षक संकुल बैठक मंगलवार को इंग्लिश प्राइमरी स्कूल, पांडेयपुर में आयोजित हुई। मंगलवार दोपहर 1:30 बजे से 3:00 बजे तक चली इस बैठक में क्षेत्र के सभी शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक शामिल हुए। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने और विद्यालयों में प्रभावी शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सबसे पहले विद्यार्थियों के वास्तविक अधिगम स्तर के आधार पर कैच-अप कक्षाओं के संचालन पर जोर दिया गया। शासन के निर्देशों के अनुरूप कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शिक्षण रणनीतियां अपनाने तथा शिक्षण पुनर्गठन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा शिक्षण गुणवत्ता बढ़ाने के लिए निर्धारित 10 प्रमुख शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कक्षा शिक्षण, मूल्यांकन प्रणाली एवं गतिविधि आधारित शिक्षण पर शिक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से ‘DEAR’ (Drop Everything And Read) कार्यक्रम को नियमित रूप से लागू करने पर विशेष बल दिया गया। शिक्षकों ने प्रतिदिन कक्षा में निर्धारित समय पर पठन सत्र संचालित करने तथा विद्यालय पुस्तकालय के अधिकाधिक उपयोग पर सहमति व्यक्त की।

इस दौरान U-DISE पोर्टल पर विद्यालय प्रोफाइल समय से अपडेट करने, प्रेरणा पोर्टल पर नियमित उपस्थिति दर्ज करने तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ शिक्षकों ने कहा कि कैच-अप कार्यक्रम और नियमित DEAR गतिविधि से विद्यार्थियों की पठन क्षमता, समझ और समग्र शैक्षिक प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार होगा। सभी शिक्षकों को इन निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।

बैठक के अंत में आगामी माह की समीक्षा बैठक में कार्यों की प्रगति का आकलन करने तथा निर्धारित कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *