आजमगढ़।बारिश में तालाब बनी टीकापुर बाजार की सड़क, राहगीरों और स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें

बारिश में तालाब बनी टीकापुर बाजार की सड़क, राहगीरों और स्कूली बच्चों की बढ़ी मुश्किलें

आजमगढ़। विकासखंड तहबरपुर क्षेत्र के अंतर्गत टीकापुर बाजार से होकर गुजरने वाला प्रमुख मार्ग बारिश के दिनों में जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण राहगीरों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि मामूली बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे आवागमन बाधित हो जाता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

 बैरमपुर – टीकापुर मार्ग मुहम्मदपुर – कप्तानगंज राजमार्ग को जोड़ता है। मार्ग पर कंपोजिट विद्यालय टीकापुर, श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल तथा राधा कृष्ण मंदिर स्थित हैं। साथ ही ब्लाक अस्पताल बैंक कालेज है। लोग आते जाते हैं। जल निकासी की व्यवस्था न होने से जलभराव के कारण विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वाहनों के आवाजाही के फलस्वरूप छींटों लोगों के कपड़े खराब हो जाया कर रहे हैं। बाजार में आने वाले ग्राहकों की संख्या भी प्रभावित होती है, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह सड़क केवल स्थानीय आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि टीकापुर बाजार से रायसिंहपुर, धनियाकुंडी, मंझारी होते हुए अहिरौला तक जाने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। क्षेत्र के हजारों लोग प्रतिदिन इसी सड़क का उपयोग करते हैं, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क जर्जर हो चुकी है और बारिश के समय इसकी स्थिति और भी बदतर हो जाती है।

टीकापुर गांव के प्रभात कुमार राय ने बताया कि सड़क की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कई बार शासन एवं संबंधित अधिकारियों से लिखित और मौखिक रूप से मांग की जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो बरसात के पूरे मौसम में लोगों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। नवीन राय, अमित सोनी, प्रिंस यादव, सौरभ यादव सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए इस मुख्य मार्ग का शीघ्र कायाकल्प कराया जाए तथा जलभराव की स्थायी समस्या का समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और भविष्य में होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *