बदायूँ।श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की डीएम-एसएसपी ने की समीक्षा

अधिकारियों को समयबद्ध व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश, सुरक्षा, यातायात और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग पर रहेगा विशेष फोकस

बदायूँ। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधाएं, पार्किंग स्थल, डायवर्जन योजना, विश्राम स्थल सहित कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अरुण कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *