जनगणना-2027 के लिए अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, पारदर्शिता व समयबद्ध कार्य पर जोर
बदायूँ। जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (डीसीएचबी) के फील्ड कार्यों के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) त्रिभुवन ने की।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है और जिला जनगणना हस्त पुस्तिका इसका महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए फील्ड कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और उत्तरदायित्व के साथ संपन्न करें। उन्होंने प्रतिदिन कार्य प्रगति की रिपोर्ट जिला जनगणना अधिकारी को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण का संचालन लखनऊ से नामित जनगणना अधिकारी प्रदीप सिंह चौहान एवं मंडल प्रभारी जनगणना अभिषेक कनौजिया ने किया। उन्होंने जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के उद्देश्य, महत्व और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रकाशन शासन, प्रशासन, विकास योजनाओं, शोध संस्थानों और नीति निर्माण के लिए आधार दस्तावेज का कार्य करता है।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को ग्राम एवं नगर निर्देशिका, पोर्टल आधारित डेटा संकलन, सत्यापन, यूजर आईडी निर्माण, अंतिम सबमिशन तथा फील्ड कार्य की समय-सारिणी की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने डीसीएचबी पोर्टल एवं मोबाइल एप का तकनीकी प्रशिक्षण देते हुए डेटा प्रविष्टि, सिंक्रोनाइजेशन और रिपोर्ट मॉनिटरिंग की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।
अधिकारियों को वित्तीय प्रावधान, मानदेय भुगतान और प्रशिक्षण व्यवस्था की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का विशेषज्ञ अधिकारियों ने समाधान किया।
प्रशिक्षण में जनपद के सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, तकनीकी सहायक सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
























