बलिया।स्वच्छ भारत मिशन के प्रशिक्षण से नगरा नगर पंचायत को मिली नई दिशा, अध्यक्ष इंदु देवी को प्रदान किया गया प्रमाण-पत्र

स्वच्छ भारत मिशन के प्रशिक्षण से नगरा नगर पंचायत को मिली नई दिशा, अध्यक्ष इंदु देवी को प्रदान किया गया प्रमाण-पत्र

रामेश्वर प्रजापति छांगुर 

नगरा (बलिया)। स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम-2.0) के अंतर्गत क्षेत्रीय नगर एवं पर्यावरण अध्ययन केन्द्र (RCUES), लखनऊ द्वारा आयोजित दो दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पर नगर पंचायत नगरा की अध्यक्ष इंदु देवी को प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। प्रशिक्षण में नगर निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) के प्रभावी संचालन, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संवर्धन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए एमआरएफ सेंटर का बेहतर संचालन किस प्रकार किया जाए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके। इसके साथ ही वर्षा जल संरक्षण के लिए पुराने कुओं के जीर्णोद्धार, तालाबों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन तथा जल संचयन के विभिन्न उपायों पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अध्यक्ष इंदु देवी को सफल सहभागिता के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों का उपयोग नगर पंचायत नगरा में स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, कचरा प्रबंधन को वैज्ञानिक ढंग से लागू करने तथा जल संरक्षण की योजनाओं को धरातल पर उतारने में किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को जनसहभागिता के माध्यम से सफल बनाया जाएगा, ताकि नगर पंचायत नगरा स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक नगर के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सके।

प्रशिक्षण से प्रमाण-पत्र मिलने पर नगर पंचायत नगरा एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने आशा व्यक्त की कि इस प्रशिक्षण का लाभ नगर की स्वच्छता व्यवस्था, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *