बलिया।पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल का भव्य शपथ ग्रहण, नई टीम के गठन से व्यापारियों में उत्साह

पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल का भव्य शपथ ग्रहण, नई टीम के गठन से व्यापारियों में उत्साह

 जयप्रकाश जायसवाल बने जिला उपाध्यक्ष एवं नगरा नगर अध्यक्ष निर्भय प्रकाश  

रामेश्वर प्रजापति छांगुर

नगरा (बलिया)। आदर्श नगर पंचायत नगरा स्थित पांडे मैरिज हॉल व्यापारियों की एकजुटता, उत्साह और संगठनात्मक शक्ति का साक्षी बना, जब पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल, नगरा इकाई का भव्य शपथ ग्रहण समारोह पूरे हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरे सभागार में व्यापारियों की एकता और संगठन के प्रति समर्पण का उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट प्रदीप वर्मा एवं विशिष्ट अतिथि जिला अध्यक्ष मंजय सिंह ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अतिथियों का अभिनंदन पूरे समारोह का आकर्षण रहा।

समारोह के दौरान जिला अध्यक्ष मंजय सिंह ने संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए जयप्रकाश जायसवाल को पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल, बलिया का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया। इस घोषणा का उपस्थित व्यापारियों ने तालियों की गूंज के साथ स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट प्रदीप वर्मा ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों की रक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प दिलाया।

नगर इकाई में निर्भय प्रकाश ने अध्यक्ष, अशोक गुप्ता, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद कमरुद्दीन (गुड्डू) एवं रामायण ठाकुर ने उपाध्यक्ष, बृजेश गुप्ता ने संगठन महामंत्री, बृजमोहन गुप्ता, रितेश यादव, रंजय गौड़ एवं मोहम्मद फैयाज अहमद ने मंत्री, मनु मद्धेशिया ने कोषाध्यक्ष तथा अश्वनी पांडेय ‘सोनू’ ने मीडिया प्रभारी के रूप में शपथ ग्रहण की।

मुख्य अतिथि एडवोकेट प्रदीप वर्मा ने कहा कि संगठित व्यापारी समाज ही आर्थिक विकास की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उनके सम्मान की रक्षा तथा सामाजिक सरोकारों के लिए सदैव अग्रणी भूमिका निभाएगा। विशिष्ट अतिथि मंजय सिंह ने नई टीम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा प्रत्येक व्यापारी को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।

नगर पंचायत नगरा के चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि मजबूत व्यापारी संगठन नगर के विकास की पहचान होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम व्यापारियों की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरेगी और नगर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

समारोह के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने, व्यापारी हितों की रक्षा करने तथा सामाजिक समरसता और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, उल्लास और व्यापारी एकता का अनूठा वातावरण देखने को मिला, जिससे नगरा के व्यापारियों में नई ऊर्जा और विश्वास का संचार हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *