बदायूँ।भैंस की बिक्री के रुपये बने जेबकतरों का निशाना, टैम्पू में ब्लेड मारकर उड़ाए ₹1 लाख – Copy

भैंस की बिक्री के रुपये बने जेबकतरों का निशाना, टैम्पू में ब्लेड मारकर उड़ाए ₹1 लाख

भैंस बेचकर लौट रहे किसान की जेब काटकर उड़ाए एक लाख रुपये, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया 

उसावां/बदायूँ।

जनपद के थाना उसावां क्षेत्र में जेबकतरों ने दिनदहाड़े एक किसान को अपना निशाना बनाते हुए उसकी जेब से एक लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने थाना उसावां में तहरीर देकर अज्ञात जेबकतरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बहोरन पुत्र रामवीर सिंह, निवासी ग्राम बाराकलाँ, थाना कलान, जिला शाहजहाँपुर, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 18 जुलाई 2026 को उसने अलापुर पशु बाजार में अपनी भैंस एक लाख रुपये में बेची थी। इसके बाद वह रुपये लेकर टैम्पू से अपने गांव लौट रहा था।

पीड़ित के अनुसार, सुबह करीब 11:40 बजे म्याऊं से उसावां की ओर आते समय म्याऊं और मरौरी के बीच अज्ञात जेबकतरों ने ब्लेड से उसकी जेब काटकर उसमें रखे एक लाख रुपये निकाल लिए। मरौरी के पास पहुंचते ही दो संदिग्ध युवक टैम्पू से उतरकर पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल पर बैठकर म्याऊं की दिशा में फरार हो गए।

बहोरन ने बताया कि युवकों की गतिविधि पर शक होने पर उसने अपनी जेब देखी तो वह ब्लेड से कटी हुई थी और उसमें रखी पूरी रकम गायब थी। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

पीड़ित ने 19 जुलाई 2026 को थाना उसावां पहुंचकर अज्ञात जेबकतरों के खिलाफ तहरीर दी और रुपये बरामद कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया है पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *