बदायूँ।कार्ययोजना बनाकर समय से हासिल करें आधार के लक्ष्य : एडीएम

कार्ययोजना बनाकर समय से हासिल करें आधार के लक्ष्य : एडीएम

जिला स्तरीय आधार समिति की बैठक में दिए निर्देश, बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट और नामांकन में तेजी लाने पर जोर

बदायूं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) त्रिभुवन ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय आधार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को माइक्रो लेवल पर कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय में सभी आधार संबंधी लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए बायोमेट्रिक मशीनों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।

बैठक में एडीएम ने कहा कि आधार नामांकन एवं अपडेट से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए यूआईडीएआई के टोल फ्री नंबर 1947 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही निःशुल्क उपलब्ध सेवाओं एवं निर्धारित शुल्क की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने यूआईडीएआई के मानकों के अनुरूप एमबीयू-1 (5 से 15 वर्ष) एवं एमबीयू-2 (15 से 17 वर्ष) के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन में तेजी लाने पर विशेष बल दिया।

एडीएम ने निर्देश दिए कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी आधार आवेदनों का निस्तारण 45 दिनों के भीतर किया जाए तथा दस्तावेजों का सत्यापन फील्ड वेरिफिकेशन के दौरान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 100 वर्ष से अधिक आयु वाले लंबित मामलों एवं यूडीआईएसई से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। पहली बार 5 से 7 वर्ष तथा पहली या दूसरी बार 15 से 17 वर्ष के बीच कराया जाने वाला बायोमेट्रिक अपडेट पूरी तरह मुफ्त है। वहीं 7 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए भी बायोमेट्रिक अपडेट 30 सितंबर 2026 तक निःशुल्क रहेगा। अन्य मामलों में बायोमेट्रिक अपडेट का निर्धारित शुल्क 125 रुपये है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि नाम, लिंग, जन्मतिथि, पता, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी जैसे डेमोग्राफिक अपडेट, यदि बायोमेट्रिक अपडेट के साथ कराए जाते हैं तो निःशुल्क होंगे, जबकि अलग से कराने पर 75 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसी प्रकार पहचान एवं पते से संबंधित दस्तावेज माय आधार पोर्टल के माध्यम से निर्धारित अवधि तक निःशुल्क अपडेट किए जा सकते हैं, जबकि आधार सेवा केंद्र पर दस्तावेज अपडेट कराने के लिए 75 रुपये शुल्क देय होगा।

बैठक में सहायक निदेशक सूचना आशुतोष चन्दोला, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के सहायक प्रबंधक संदेश श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, बेसिक शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *