नगरा के शिक्षकों ने दिवंगत रसोईया को दी भावभीनी श्रद्धांजलि
परिजनों को ₹38,700 की आर्थिक सहायता देकर पेश की मानवीय संवेदना, भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा
संजीव सिंह | बलिया (नगरा/तरगौली-मलप)
शिक्षा क्षेत्र नगरा के ग्राम तरगौली स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को दिवंगत रसोईया कुमारी देवी (पत्नी स्व. टीमल राजभर) की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों ने शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री ओमप्रकाश तथा UPPSMS के मंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने नोडल संकुल शिक्षक बिंदु राम (मलप) की उपस्थिति में दिवंगत रसोईया के परिजनों को ₹38,700 की आर्थिक सहायता प्रदान की। यह राशि क्षेत्र के शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के स्वैच्छिक सहयोग से एकत्र कर परिवार को सौंपी गई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका शारदा सिंह, प्रधानाध्यापक अखिलेश्वर शुक्ल, अजय यादव, दुर्गेश सिंह, शिक्षक देवेन्द्र कुमार, सुभाष कुमार, UPPSMS के जिला कोषाध्यक्ष राकेश कुमार पांडेय, बच्चालाल, कमलेश प्रकाश सिंह, अनुज यादव सहित अनेक शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित शिक्षकों ने दिवंगत कुमारी देवी के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा शिक्षक परिवार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
परिवार की ओर से उपस्थित प्रतिनिधियों ने सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आर्थिक सहायता के साथ मिला आत्मीय सहयोग उनके लिए बड़ी संबल साबित होगा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं भावुक वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
























