बिसौली पुलिस ने युवती हत्याकांड का किया खुलासा, पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
हत्या में प्रयुक्त गमछा, बाइक, मोबाइल समेत कई अहम साक्ष्य बरामद, मामले में तीन अन्य आरोपी भी आए प्रकाश में
बदायूँ। थाना बिसौली पुलिस ने युवती की हत्या के चर्चित मामले का सफल खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पति सहित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, फावड़ा, तसला, बाल्टी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल तथा घटना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम रसूलपुर पुट्ठी निवासी राजवीर सिंह यादव ने 9 जुलाई 2026 को अपनी पुत्री के 1/2 जून की रात से लापता होने की सूचना थाना बिसौली में दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान मामला हत्या में परिवर्तित कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 तथा बाद में 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया एवं क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान पांच लोगों की संलिप्तता उजागर की। इनमें से मुख्य आरोपी जय सिंह यादव, रामभान यादव तथा चन्देले यादव उर्फ झब्बड़ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि 1/2 जून 2026 की रात पति जय सिंह यादव ने अपने भाई चन्द्रपाल यादव तथा भांजे विजय यादव उर्फ छोटू के साथ मिलकर कमरे के अंदर गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के आंगन के गटर में छिपा दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि घटना के बाद मृतका के जेठ चन्द्रपाल ने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने टूटी चूड़ियों के टुकड़े, प्लास्टिक की रस्सियां, पायल, बिछुए, जली हुई चूड़ियों के अवशेष, TECNO कंपनी का मोबाइल फोन, जले हुए लकड़ी के गुटके, हत्या में प्रयुक्त गमछा, फावड़ा, तसला, बाल्टी तथा हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP 11 Z 6130) बरामद की है।
पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है तथा प्रकाश में आए अन्य आरोपियों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
























