अग्रसेन विद्यालय में वृहद वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला जनसमर्थन
आज़मगढ़। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के राष्ट्रव्यापी महाभियान “एक पेड़ मां के नाम” के अंतर्गत रोटरी क्लब एवं इनरव्हील क्लब के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन विद्यालय परिसर (बूथ संख्या-188) में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व रोटरी क्लब के अध्यक्ष एवं भाजपा सह-कोषाध्यक्ष श्रेय अग्रवाल तथा इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष मंजू अग्रवाल ने किया। अभियान के तहत विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए और उनके संरक्षण व नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा। सभी उपस्थित लोगों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतुल अग्रवाल, अनूप अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, पवन अग्रवाल, रित्विक जायसवाल तथा सभासद मोहम्मद अफजल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
























