बदायूँ।एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान का शुभारंभ, बदायूँ में 50.20 लाख पौधों का हुआ वृक्षारोपण

एक पेड़ माँ के नाम‘ महाअभियान का शुभारंभ, बदायूँ में 50.20 लाख पौधों का हुआ वृक्षारोपण

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा एवं राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान ने किया शुभारंभ, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

बदायूँ। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत रविवार को जनपद बदायूँ में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जनपद में 50 लाख 20 हजार 200 पौधों का रोपण कर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।

ग्राम वनकोटा के निकट गंगा एक्सप्रेसवे के 174.3 किलोमीटर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय उपभोक्ता, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा तथा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर एवं विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।

कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, नोडल अधिकारी एवं राज्य आयुक्त जीएसटी नितिन बंसल, जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि बी.एल. वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वर्षा बढ़ाने तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों, छात्र-छात्राओं एवं अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस वर्ष पूरे उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसका उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा जनसहभागिता के माध्यम से प्रकृति के प्रति लोगों को जागरूक करना है। अभियान के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *